UP: गोरखपुर जनपद में सक्रिय अंतरराज्यीय अवैध असलहा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ गोरखपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। खोराबार पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और एक स्विफ्ट डिजायर कार बरामद करने का दावा किया है।
अफजल और शमी पर पुलिस की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अफजल खान पुत्र नूरूल हुदा खान, निवासी डिबिया, थाना कैंट, गोरखपुर, उम्र करीब 19 वर्ष और मो. शमी पुत्र कुर्बान अली, निवासी दिव्यनगर रानीडीहा, थाना कैंट, गोरखपुर, उम्र करीब 20 वर्ष के रूप में हुई है। सीओ कैंट अरुण कुमार एस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि कार्रवाई के दौरान एक बाल अपचारी को भी पुलिस ने अपने संरक्षण में लिया है।
तमंचा, पिस्टल और कार बरामद
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, .32 बोर की अवैध पिस्टल मय मैगजीन और 7.65 बोर का एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। इसके अलावा हथियारों की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट डिजायर कार संख्या UP 53 BF 2735 भी पुलिस ने कब्जे में ली है। बरामदगी के आधार पर थाना खोराबार में धारा 55, 61 बीएनएस और 9/25(1)(ए) आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूर्व पार्षद हत्याकांड से जुड़ा हथियार कनेक्शन
पूछताछ और पूर्व में हुई पुलिस कार्रवाई के आधार पर इस नेटवर्क को करीब छह माह पहले हुए पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान हत्याकांड से भी जोड़ा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इन तस्करों से खरीदे गए हथियारों का इस्तेमाल कथित तौर पर हत्याकांड में हुआ था। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि हथियारों की खेप कहां से आती थी और किन अपराधियों तक पहुंचाई जाती थी। पुलिस जांच में नेटवर्क के तार अंतरराष्ट्रीय लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने की जानकारी भी सामने आने की बात कही गई है। हालांकि इस कनेक्शन की अभी आगे जांच की जा रही है।
15 सितंबर को STF ने भी पकड़े थे 5 तस्कर
पुलिस अब असलहा तस्करी की पूरी सप्लाई चेन और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका खंगाल रही है। अधिकारियों के मुताबिक अवैध हथियारों की तस्करी और अपराधियों को हथियार उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। गौरतलब है कि करीब 20 दिन पहले, 15 सितंबर को यूपी एसटीएफ की गोरखपुर यूनिट ने इसी गैंग के नेटवर्क से जुड़े पांच असलहा तस्करों को गिरफ्तार किया था। अब ताजा कार्रवाई के बाद पुलिस इस नेटवर्क की अन्य कड़ियों तक पहुंचने में जुटी है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)














