सीतापुर : रिजर्व पुलिस लाइन सीतापुर स्थित मंदिर परिसर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। जन्माष्टमी को लेकर पुलिस लाइन परिसर और मंदिर को आकर्षक विद्युत झालरों, रंग-बिरंगे फूलों तथा अन्य सजावटी सामग्री से भव्य रूप से सजाया गया था। देर रात तक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
समारोह में राज्य मंत्री राकेश राठौर ‘गुरु’, महोली विधायक शशांक त्रिवेदी, जिलाधिकारी सीतापुर डॉ. राजा गणपति आर., पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी श्री दुर्गेश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारीगण तथा जिलाध्यक्ष सहित पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मंदिर परिसर में भगवान श्री कृष्ण के बाल स्वरूप और उनकी लीलाओं पर आधारित आकर्षक एवं मनमोहक झांकियां सजाई गईं। झांकियों ने श्रद्धालुओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। कार्यक्रम में बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। उनकी मनमोहक प्रस्तुतियों की अतिथियों और श्रद्धालुओं ने जमकर सराहना की। प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
रात्रि 12 बजे भगवान श्री कृष्ण के जन्म के शुभ मुहूर्त पर पुलिस अधीक्षक श्री अंकुर अग्रवाल एवं अन्य अधिकारियों ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। भगवान श्री कृष्ण का पंच स्नान कराकर भोग अर्पित किया गया और इसके बाद महाआरती सम्पन्न हुई।
पूजन-अर्चन के बाद श्रद्धालुओं, पुलिसकर्मियों, पुलिस परिवार के सदस्यों और अतिथियों को श्रद्धापूर्वक प्रसाद वितरित किया गया। नगर के गणमान्य एवं संभ्रांत नागरिकों ने भी कार्यक्रम में शामिल होकर झांकियों के दर्शन किए। पूरा आयोजन भक्तिमय, सौहार्दपूर्ण और अनुशासित वातावरण में सकुशल सम्पन्न हुआ।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































