Gorakhpur: देश में चुनाव आयोग को लेकर विपक्ष लगातार हमलावर है। जहां एक तरफ राहुल गांधी लगातार चुनाव आयुक्त की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। वहीं, यूपी में अखिलेश यादव ने भी राहुल गांधी का समर्थन किया है। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश के क्रम में गोरखपुर में भी कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। इसी क्रम में जिला व महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारी ने कैंट थाना क्षेत्र के बिस्मिल पार्क में एकत्रित होकर चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए सरकार विरोधी नारे भी लगाए।
जानिए क्या है पूरा मामला?
वहीं, ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंकने के दौरान मौजूद पुलिस कर्मियों और कांग्रेसी नेताओं में तीखी झड़प भी देखने को मिली। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा कई बार ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंकने के प्रयास को बार-बार पुलिस कर्मियों में नाकाम कर दिया, लेकिन उसके बावजूद कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार का प्रतीकात्मक पुतला फूंक कर अपना विरोध दर्ज कराया।
“पूरे देश में लोकतंत्र का हनन किया”
जिला अध्यक्ष राजेश त्रिपाठी ने बताया कि प्रधानमंत्री व गृह मंत्री के सह पर चुनाव आयुक्त ने पूरे देश में लोकतंत्र का हनन किया है। कई प्रदेशों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने में सहयोग किया है चाहे वह पश्चिम बंगाल हो, बिहार हो, हरियाणा, मध्य प्रदेश सहित अन्य प्रदेशों में एसआईआर के नाम पर करोड़ों लोगों के नाम वोटर लिस्ट से काटकर उनके हक व अधिकार के साथ उन्हें मताधिकार के प्रयोग से वंचित करने का महापाप किया है। आज कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर उनका पुतला दहन करने का कार्य कर रहे हैं।














