Etawah: कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती ने अचानक यमुना नदी में छलांग लगा दी। युवती को नदी में कूदते देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवती की तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया।
जानिए क्या है मामला?
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवती अचानक यमुना किनारे पहुंची और देखते ही देखते नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने भी युवती की तलाश का प्रयास किया, लेकिन यमुना में बढ़े जलस्तर और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू अभियान में मुश्किलें सामने आईं। सूचना पर कोतवाली पुलिस के साथ सीओ सिटी अवनीश कुमार भी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान की निगरानी की। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। युवती की तलाश के लिए SDRF की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने नदी में उतरकर संभावित स्थानों पर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया।
ALSO READ: Amethi: मालती नदी में लकड़ी के पुल में फंसा मिला महिला का शव, चार दिन से थी लापता
मंगलवार को दूसरे दिन भी युवती की तलाश जारी रही, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर युवती की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवती ने आखिर किन परिस्थितियों में यमुना में छलांग लगाई। घटना के बाद यमुना किनारे लोगों की भीड़ जुटी रही। पुलिस ने लोगों से नदी के पास भीड़ न लगाने और रेस्क्यू अभियान में सहयोग करने की अपील की है। फिलहाल पुलिस और SDRF की टीम लगातार युवती की तलाश में जुटी हुई है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































