चंदौली में वेंडिंग जोन और स्थायी मंडी की मांग, फल-सब्जी कारोबारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी

चंदौली: फल-सब्जी व्यवसायियों ने पिछले करीब 20 वर्षों से वेंडिंग जोन और स्थायी मंडी बनाए जाने की मांग पूरी नहीं होने पर नाराजगी जताई है। फल सब्जी व्यवसायी वेलफेयर एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष चौधरी नारायण प्रसाद सोनकर ने कहा कि लंबे समय से अधिकारियों और नगर पालिका के समक्ष मांग रखी जा रही है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिलता रहा है।

उन्होंने कहा कि नगर के फल-सब्जी व्यवसायियों को आज तक सुरक्षित और व्यवस्थित स्थान उपलब्ध नहीं कराया गया है। व्यवसायी लगातार वेंडिंग जोन और स्थायी मंडी की मांग कर रहे हैं, ताकि उन्हें कारोबार करने के लिए उचित जगह मिल सके। उनका कहना है कि अधिकांश व्यवसायी नगर पालिका में पंजीकृत हैं। थोक व्यवसायियों के पास लाइसेंस है और वे नियमित रूप से टैक्स भी देते हैं। इसके बावजूद उनकी समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।

Also Read: UP: सहारनपुर कलेक्ट्रेट मस्जिद प्रकरण: जिला जज की अदालत में दोनों पक्षों की दलीलें पूरी, स्टे पर फैसला सुरक्षित; इस तारीख को अगली सुनवाई

बैठक में व्यवसायियों ने निर्णय लिया कि एक बार फिर संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर अपनी मांगों को प्रमुखता से रखा जाएगा। यदि प्रशासन और नगर पालिका की ओर से मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए समाधान की दिशा में कदम उठाया जाता है तो व्यवसायी सहयोग करेंगे।

Also Read: UP: रायबरेली में स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, जिला अस्पताल समेत CHC-PHC में व्यवस्थाएं दुरुस्त

वहीं, मांगें पूरी नहीं होने पर व्यवसायियों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। जिला अध्यक्ष ने कहा कि मजबूरन अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर पूरे व्यवसाय को अनिश्चितकाल के लिए ठप किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

बैठक में उपाध्यक्ष विष्णु प्रसाद सोनकर, महामंत्री बृजमोहन प्रसाद सोनकर, मंत्री बिल्लू सरदार, मीडिया प्रभारी मनोज जायसवाल समेत राजकुमार सोनकर, शीला देवी, जमुना देवी, रुक्मिणी देवी, संजू देवी, मंजू देवी, जीवित सोनकर, त्रिलोकी सोनकर, संजय सोनकर, अजय सोनकर और वीरेंद्र सोनकर सहित अन्य व्यवसायी मौजूद रहे।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.