हाथरस जिले के चंदपा क्षेत्र स्थित एक गेस्ट हाउस में भारतीय किसान मजदूर संगठन की महत्वपूर्ण बैठक एवं प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूरन सिंह राणा सहित बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान किसानों और मजदूरों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष पूरन सिंह राणा ने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों और मजदूरों की कई मूलभूत समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन उनके समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेती की बढ़ती लागत, फसलों का उचित मूल्य न मिलना, मजदूरों के रोजगार से जुड़े मुद्दे और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। बैठक में संगठन द्वारा आगामी आंदोलन की रूपरेखा भी तैयार की गई।
Also Read: भरत भूषण तिवारी को न्याय दिलाने के लिए सड़कों पर उतरा सर्वसमाज, CBI जांच की उठी मांग
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने घोषणा की कि आगामी 2 जुलाई को संगठन के कार्यकर्ता और किसान दिल्ली के जंतर-मंतर तक मार्च करेंगे। इस मार्च के माध्यम से किसानों और मजदूरों की आवाज सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही संगठन ने यह भी निर्णय लिया कि आने वाले सोमवार को प्रदेश के प्रत्येक जनपद में किसान मजदूर संगठन के पदाधिकारी जिला अधिकारियों के माध्यम से राज्यपाल और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।
ज्ञापन में किसानों और मजदूरों की प्रमुख मांगों तथा समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन को और व्यापक रूप देगा। कार्यक्रम के अंत में किसानों और मजदूरों से एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया गया। संगठन का कहना है कि किसानों और मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

















































