UP: चंदौली के मुगलसराय में रविवार देर रात भरत भूषण तिवारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सर्वसमाज के लोगों ने कैंडल मार्च निकाला। रात करीब 10 बजे आयोजित इस मार्च में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। हाथों में मोमबत्तियां लेकर लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जताया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
समाजसेवा के लिए जाने जाते थे भरत भूषण तिवारी
प्रदर्शन में मौजूद लोगों ने कहा कि 28 वर्षीय भरत भूषण तिवारी समाजसेवा और जरूरतमंदों की मदद के लिए पहचाने जाते थे। कोरोना महामारी के दौरान उन्होंने जरूरतमंद परिवारों तक भोजन, दवाइयां और ऑक्सीजन पहुंचाने का काम किया था। लोगों का आरोप है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने की वजह से उन्हें न्याय नहीं मिल सका।
सीबीआई जांच और आर्थिक सहायता की उठी मांग
कैंडल मार्च के दौरान सर्वसमाज के प्रतिनिधियों ने भरत तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो सीबीआई जांच की मांग को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को पांच करोड़ रुपये का मुआवजा, आर्थिक सहायता और उनके भाई को सरकारी नौकरी देने की भी मांग की।
जनप्रतिनिधियों और कांग्रेस नेताओं ने उठाई आवाज
जिला पंचायत सदस्य संजय पांडेय ने कहा कि भरत तिवारी को न्याय मिलना चाहिए और केंद्र व बिहार सरकार को मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करनी चाहिए। वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने आरोप लगाया कि भरत तिवारी हमेशा गरीबों और मजदूरों के अधिकारों के लिए संघर्ष करते थे। उन्होंने मामले में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने, परिवार की सुरक्षा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
Also Read: ’24 घंटे में 6 मुठभेड़, एक की मौत और कई घायल…’, UP पुलिस और STF का ताबड़तोड़ एक्शन
बड़ी संख्या में शामिल हुए लोग
कैंडल मार्च में सर्वसमाज के लोगों ने एकजुट होकर निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई। इस दौरान दुर्गेश पांडेय, कमलेश तिवारी, अभिषेक मिश्रा, कृष्णानंद पांडेय, विशाल तिवारी, जयदीप तिवारी, कैप्टन विनोद उपाध्याय, अनिल ओझा, सर्वजीत मिश्रा, संजय पांडेय और कुंज बिहारी पांडेय समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि भरत तिवारी को न्याय मिलने तक उनकी आवाज बुलंद होती रहेगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)















































