गोरखपुर: CM योगी का जनता दर्शन, फरियादियों की सुनी समस्याएं, 509 दिव्यांगजनों को मिलेंगे 664 उपकरण

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री स्वयं फरियादियों के पास पहुंचे और उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पीड़ित की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

गुरु महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा का किया पूजन

जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की 12वीं पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी समाधि स्थल पर पहुंचकर स्थापित प्रतिमा का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। इस दौरान उन्होंने महंत अवेद्यनाथ को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को स्मरण किया।

Also Read; ‘कृष्ण-राम में आस्था हमारी ताकत, बाबर-औरंगजेब के जहर…’, मथुरा में CM योगी का विरोधियों पर निशाना

गोशाला में गोवंश को खिलाया पूड़ी-गुड़

पूजन कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री गोरखनाथ मंदिर की गोशाला पहुंचे। यहां उन्होंने साधु-संतों के साथ गोवंश को पूड़ी और गुड़ खिलाया। मुख्यमंत्री ने गोशाला में व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और गोसेवा से जुड़े कार्यों की जानकारी ली।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम की करेंगे अध्यक्षता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 10:30 बजे गोरखनाथ मंदिर स्थित दिग्विजयनाथ सभागार में ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे से 4 बजे के बीच गोरखपुर क्लब में दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण वितरित करेंगे।

Also Read: ‘हमे जिन्ना नहीं, गन्ना चाहिए…’, बिजनौर में गरजे CM योगी

509 दिव्यांगजनों को मिलेंगे 664 सहायक उपकरण

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 509 दिव्यांगजनों को कुल 664 सहायक उपकरण प्रदान करेंगे। इनमें ई-स्कूटर, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, ई-ट्राईसाइकिल, ट्राईसाइकिल, स्मार्ट केन, ब्रेल किट, हियरिंग एड, स्मार्टफोन, गीता ब्रेल, रामायण ब्रेल, कृत्रिम अंग और पाठ्य पुस्तकें शामिल हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)