फर्रुखाबाद। जनपद में 9 मई का दिन ऐतिहासिक बनने जा रहा है। शहर के रोडवेज बस स्टैंड परिसर में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। इस खास अवसर को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह और परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
प्रतिमा अनावरण समारोह को भव्य बनाने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। गुरुवार को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राठौर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान डीडीओ, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता सहित डायल 112 के प्रभारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान रोडवेज बस स्टैंड के पास सड़क किनारे जलभराव की समस्या सामने आई, जिस पर अधिकारियों ने तुरंत संज्ञान लिया। वीरेंद्र सिंह राठौर ने नगर पालिका अध्यक्ष से वार्ता की, जबकि डीडीओ ने ईओ को समस्या के तत्काल समाधान के निर्देश दिए। संबंधित अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि रात तक जलनिकासी कर क्षेत्र को पूरी तरह व्यवस्थित कर दिया जाएगा, ताकि कार्यक्रम में किसी प्रकार की बाधा न आए।
आयोजन समिति के अनुसार प्रतिमा पर माल्यार्पण के लिए विशेष क्रेन की व्यवस्था की जा रही है। कार्यक्रम स्थल पर एक विशाल मंच और भव्य पंडाल तैयार किया जाएगा। वीआईपी मेहमानों के आवागमन के लिए अलग गैलरी बनाई जाएगी, जबकि मंच पर बैठने वाले विशिष्ट अतिथियों की सूची भी तैयार की जा रही है।
इसके साथ ही बस स्टैंड परिसर में साफ-सफाई को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की कोई कमी न रहे।
वीरेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि दोनों मंत्री सुबह करीब 10:30 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। उन्होंने इसे फर्रुखाबाद के सम्मान और गौरव से जुड़ा आयोजन बताते हुए जिलेवासियों से बड़ी संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की अपील की है।
महाराणा प्रताप की प्रतिमा के अनावरण को लेकर शहर में तैयारियां तेज हैं और लोगों में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
https://youtu.be/UnAW23d4ftY?si=h7eCh94iZ944dZFI








































