UP: चंदौली में महाराज भगवान दक्ष प्रजापति जयंती के अवसर पर पॉलिटेक्निक ग्राउंड में आयोजित भागीदारी पार्टी के सम्मेलन में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को मजबूत करने, सामाजिक भागीदारी बढ़ाने और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर जोर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
सपा के भविष्य और सहयोगियों को लेकर किया बड़ा दावा
अपने संबोधन में ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दलित और अति पिछड़ा वर्ग अब सपा की राजनीति को समझ चुका है और आने वाले समय में उसका समर्थन नहीं करेगा। राजभर ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव तक समाजवादी पार्टी के पास ऐसा कोई प्रभावी सहयोगी नहीं बचेगा, जो उसे चुनावी बढ़त दिला सके।
ओवैसी, अखिलेश और ‘नोएडा मिथक’ पर प्रतिक्रिया
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और समाजवादी पार्टी के संभावित गठबंधन के सवाल पर राजभर ने कहा कि सपा कभी भी ओवैसी को मुस्लिम समाज का सर्वमान्य नेता स्वीकार नहीं करेगी। वहीं, सपा सांसद आनंद भदौरिया के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर दिए गए बयान का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने तथाकथित ‘नोएडा मिथक’ को तोड़ते हुए दोबारा सरकार बनाई है। उनके मुताबिक, अगर किसी को राजनीतिक डर है तो वह अखिलेश यादव हैं।
छात्र आंदोलन और कानून व्यवस्था पर रखी सरकार की बात
जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन को लेकर पूछे गए सवाल पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आंदोलन की शुरुआत छात्रों की मांगों के समर्थन में हुई थी, लेकिन बाद में कुछ राजनीतिक दलों की आड़ में शरारती तत्व उसमें शामिल हो गए। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों पर प्रधानमंत्री ने सकारात्मक निर्णय लिया है, जबकि कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ पुलिस कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करेगी। राहुल गांधी के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है और पुलिस निष्पक्ष तरीके से अपना दायित्व निभा रही है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.
















































