मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर मालवीय नगर मंडल में सांसद रवि किशन ने किया जनसंपर्क, घर-घर पहुंचकर गिनाईं उपलब्धियां

गोरखपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा के जनसंपर्क एवं जनजागरण अभियान के तहत गोरखपुर के मालवीय नगर मंडल वार्ड नंबर 4 में शनिवार को सांसद रवि किशन ने चौपाल लगाकर जनता से सीधा संवाद किया। सांसद ने घर-घर जाकर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी तथा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण भी किया।

सांसद रवि किशन का संबोधन

जनसंपर्क कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद रवि किशन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद देश की राजनीति की दिशा और दशा दोनों बदल गई है तथा सरकार ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को धरातल पर उतारा है।

गरीब, किसान, महिला और युवा कल्याण पर फोकस

रवि किशन ने कहा कि मोदी सरकार ने गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। प्रधानमंत्री आवास योजना से करोड़ों परिवारों को पक्के मकान, उज्ज्वला योजना से महिलाओं को धुएं से मुक्ति, आयुष्मान भारत योजना से गरीबों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं और पीएम किसान सम्मान निधि से किसानों को सीधा आर्थिक लाभ मिला है।

Also Read – बहराइच : शौकत अली का विवादित बयान, महाराजा सुहेलदेव को बताया काल्पनिक पात्र

विकास और आत्मनिर्भर भारत की उपलब्धियां

सांसद ने कहा कि आज भारत विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है। डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे कार्यक्रमों ने युवाओं के लिए नए अवसर सृजित किए हैं। एक्सप्रेस-वे, रेलवे, एयरपोर्ट और अन्य आधारभूत संरचनाओं के क्षेत्र में रिकॉर्ड कार्य हुए हैं।

सुरक्षा और वैश्विक सम्मान

रवि किशन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है। आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जा रही है तथा सीमाओं की सुरक्षा पर पूरा ध्यान दिया गया है। आज विश्व मंच पर भारत की आवाज का सम्मान बढ़ा है।

Also Read – UP: अखिलेश यादव की बेटी पर अभद्र टिप्पणी मामले में CM योगी सख्त, FIR के दिए निर्देश

जन समस्याओं का समाधान और पौधरोपण

कार्यक्रम के दौरान सांसद ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण करते हुए उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया और नागरिकों से अपनी मां के नाम पर पेड़ लगाने की अपील की।

कार्यक्रम में उपस्थिति

चौपाल और जनसंपर्क अभियान में मंडल अध्यक्ष प्रदीप सिंह, पार्षद राजा यादव, पार्षद जुगनू सिंह, मंडल महामंत्री विनय सिंह, अमलेश शुक्ल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)