NEET पेपर लीक के आरोपों और प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर जारी विवाद के बीच अब बॉलीवुड भी खुलकर छात्रों के समर्थन में उतर आया है। लंबे समय से इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए अभिनेता सलमान खान ने आखिरकार सोशल मीडिया पर एक विस्तृत पोस्ट साझा करते हुए छात्रों के आंदोलन और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग का समर्थन किया है।
‘पेपर लीक गंभीर समस्या, छात्रों का आंदोलन सराहनीय’
सलमान खान ने अपने पोस्ट में कहा कि यह आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से शुरू हुआ था, लेकिन इसका हिंसक हो जाना बेहद दुखद है। उन्होंने घायल छात्रों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं देश के युवाओं के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय हैं। अभिनेता ने छात्रों और उनके अभिभावकों की एकजुटता की सराहना करते हुए कहा कि यह पीढ़ी मेहनत और ईमानदारी से बेहतर भारत के निर्माण के लिए आगे बढ़ रही है।
‘शिक्षा के मुद्दे को राजनीति से दूर रखा जाए’
अपने संदेश में सलमान खान ने शिक्षा से जुड़े इस आंदोलन को राजनीतिक रंग न देने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह छात्रों और शिक्षा व्यवस्था के बीच का मुद्दा है और इसका श्रेय केवल उन युवाओं को मिलना चाहिए जो अपने भविष्य के लिए आवाज उठा रहे हैं। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से लेकर शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सकारात्मक कदम उठाएगी।
‘भारत बने एजुकेशन हब’, शिक्षा को बताया नया ट्रेंड
अभिनेता ने अपने पोस्ट के अंत में शिक्षा को देश की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि आने वाले समय में पढ़ाई ही सबसे बड़ा “ट्रेंड” और “फैशन” बनना चाहिए। उन्होंने इच्छा जताई कि भारत की शिक्षा व्यवस्था इतनी मजबूत हो कि दूसरे देशों के छात्र भी यहां पढ़ने के लिए आएं और देश वैश्विक शिक्षा केंद्र के रूप में पहचान बनाए।
कई फिल्मी हस्तियां भी आंदोलन के समर्थन में, जंतर-मंतर पर बढ़ा प्रदर्शन
सलमान खान के अलावा जीनत अमान, अनुराग कश्यप, शबाना आजमी, रत्ना पाठक शाह, अभय देओल और ओमी वैद्य सहित कई फिल्मी हस्तियों ने भी CJP के नेतृत्व में चल रहे विरोध प्रदर्शन का समर्थन किया है। दूसरी ओर, जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों की बढ़ती संख्या के बीच CJP नेताओं ने सरकार को चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन और तेज होगा। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए गृह मंत्रालय ने दिल्ली में CRPF की 20 अतिरिक्त कंपनियां तैनात करने का निर्देश दिया है।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)




















































