UP Police Encounter: पूर्वांचल और बिहार के कुख्यात अपराधी एक लाख रुपये के इनामी बदमाश ललन सिंह उर्फ लल्लन का अंत यूपी पुलिस के हाथों हो गया। सहारनपुर में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में ललन सिंह मारा गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। लंबे समय से फरार चल रहे इस अपराधी की तलाश कई जिलों की पुलिस कर रही थी।
दरोगा की हत्या से बना था पुलिस का बड़ा लक्ष्य
ललन सिंह का नाम 8 नवंबर 2022 को वाराणसी में हुए चर्चित दरोगा हत्याकांड के बाद सुर्खियों में आया था। उसने पुलिस अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी और उनकी सर्विस रिवॉल्वर भी लूट ली थी। इसके अलावा वह चंदौली में लूट और फायरिंग की घटनाओं में भी शामिल रहा था। वाराणसी पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये और चंदौली पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
Also Read: ’24 घंटे में 6 मुठभेड़, एक की मौत और कई घायल…’, UP पुलिस और STF का ताबड़तोड़ एक्शन
बिहार से संचालित करता था संगठित अपराध का नेटवर्क
समस्तीपुर जिले के आनंदगोलवा गांव का निवासी ललन सिंह अपने भाइयों और सहयोगियों के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह चलाता था। उसके खिलाफ बैंक डकैती, कैश वैन लूट, सरकारी हथियारों की चोरी और कई हत्याओं समेत गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसके गिरोह पर दो सब-इंस्पेक्टर, एक बैंक कैशियर और एक सुरक्षा गार्ड सहित सात लोगों की हत्या के आरोप थे।
आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद की फायरिंग
पुलिस के अनुसार आधी रात को एएसपी लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में सरसावा-नकुड़ मार्ग पर संदिग्धों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस का सामना ललन सिंह और उसके साथी से हुआ। पुलिस ने उन्हें आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन ललन ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
साथी की तलाश जारी, कई राज खुलने की उम्मीद
एनकाउंटर के बाद पुलिस ने मौके से हथियार बरामद किए हैं। फरार हुए उसके साथी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि साथी की गिरफ्तारी से ललन सिंह गिरोह से जुड़े कई पुराने मामलों का खुलासा हो सकता है। पुलिस इस कार्रवाई को बड़ी सफलता मान रही है, वहीं उसके अपराधों से प्रभावित लोगों और पीड़ित परिवारों ने भी राहत की सांस ली है।









