UP: शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी, मुकदमा दर्ज

UP: अमेठी के कमरौली थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती ने गांव के ही एक युवक पर शादी का वादा कर कई वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि युवक ने भरोसे का फायदा उठाते हुए उसके साथ संबंध बनाए और बाद में अपने वादे से मुकर गया।

अश्लील वीडियो बनाने और धमकी देने का आरोप

युवती के अनुसार आरोपी आलोक, पुत्र प्रदीप कुमार, ने संबंधों के दौरान उसका आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया। पीड़िता का आरोप है कि जब उसने शादी की बात दोबारा उठाई तो आरोपी ने विवाह से साफ इनकार कर दिया और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा। इससे परेशान होकर उसने पुलिस की शरण ली।

Also Read: UP: रायबरेली में 11 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म, चार दिन तक थाने के चक्कर काटता रहा पीड़ित परिवार, आरोपी गिरफ्तार

तहरीर के आधार पर दर्ज हुआ मुकदमा

पीड़िता की शिकायत मिलने के बाद कमरौली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

पुलिस बोली- तथ्यों के आधार पर होगी कार्रवाई

थानाध्यक्ष मुकेश पटेल ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)