बहराइच में गोकशी के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली, दो साथी गिरफ्तार

बहराइच: बहराइच जनपद के मोतीपुर थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और गोकशी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथियों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर को शाहपुर खुर्द गांव में गोवंश के अवशेष मिलने के मामले में मुकदमा संख्या 418/2026 दर्ज किया गया था। मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक ने तीन टीमों का गठन किया था। रविवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि गोकशी के आरोपी दोबारा किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।

ALSO READ: Mirzapur: चक्रवाती तूफ़ान और बारिश का कहर, सोते समय पक्के मकान की छत का एक हिस्सा ढहा, दब कर 5 लोग हुए घायल

सूचना के आधार पर पुलिस ने जोगनिया बैराज मार्ग पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक आरोपी के दाहिने पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने तीनों को पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू निवासी बालापुर, शहजाद उर्फ कलूटे निवासी उचवा बालापुर और सोनू निवासी खैरी के रूप में हुई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

ALSO READ: Amethi में 16 साल पुराने हत्याकांड में दो सगे भाइयों को उम्रकैद, 1.54 लाख का जुर्माना

मौके से यह सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, 1,940 रुपये नकद, बाइक, तराजू-बांट, लकड़ी का ठीहा और तीन चाकू बरामद किए हैं।

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गा प्रसाद तिवारी और आयुष विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)