UP: नक्षत्र लॉन के पीछे वार्ड नंबर-3 स्थित सिद्धार्थ कॉन्वेंट स्कूल के पास पिछले करीब डेढ़ महीने से जलजमाव की समस्या बनी हुई है। सड़क पर लगातार पानी जमा रहने से स्थानीय लोगों का आवागमन प्रभावित है। जलभराव और गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से डेंगू समेत अन्य बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। समस्या से परेशान करीब 40 स्थानीय लोगों ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन कर नगर पालिका और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जलजमाव के कारण आए दिन स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और राहगीर फिसलकर गिर रहे हैं। कई लोगों को चोट भी लग चुकी है। पानी भरे रहने के कारण सड़क पर सांप, बिच्छू समेत अन्य जीव निकलने का खतरा भी बना रहता है। लोगों ने जिलाधिकारी से स्थलीय निरीक्षण कराकर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
स्थानीय निवासी रामनाथ शर्मा ने बताया कि सड़क का निर्माण वर्ष 2008 में हुआ था। इसके बाद सड़क और जलनिकासी व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। पिछले डेढ़ महीने से जलजमाव के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। सभासद, चेयरमैन और जनप्रतिनिधियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
सुशील कुमार वर्मा ने बताया कि मोहल्ले में बड़ी संख्या में लोग रहते हैं। नाली कई स्थानों पर टूटने और अवरुद्ध होने के कारण पानी की निकासी प्रभावित है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है।
रामवृक्ष राम ने बताया कि नगर पालिका में कई बार लिखित शिकायत देने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। उन्होंने सड़क को ऊंचा कराने और जलनिकासी के लिए नाली का निर्माण कराने की मांग की।
ALSO READ: Amethi में 16 साल पुराने हत्याकांड में दो सगे भाइयों को उम्रकैद, 1.54 लाख का जुर्माना
नगर पालिका की कार्ययोजना में शामिल क्षेत्र
चेयरमैन प्रतिनिधि शमशाद ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में इस बार जिन स्थानों पर जलजमाव की समस्या सामने आई है, उन्हें चिन्हित किया गया है। मच्छटला क्षेत्र के पीछे, वार्ड नंबर-9, वार्ड नंबर-16 (कयामू वाला) सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों को आगामी कार्ययोजना में शामिल किया गया है। इन स्थानों पर सड़क को ऊंचा कराने के साथ जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाएगी।














