बरेली में साप्ताहिक बाजार जाते युवक पर जानलेवा हमला, तीन नामजद आरोपियों पर मुकदमा दर्ज

बरेली : बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सिधौली में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। साप्ताहिक बाजार जा रहे युवक को रास्ते में घेरकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सिधौली निवासी निजामुद्दीन पुत्र अलाउद्दीन बीती शाम करीब 5:30 बजे साप्ताहिक बाजार जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में बग्गी हटाने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट में बदल गया।

Also Read : ‘मेरी लाश पापा छू भी ना पाएं…’, कानपुर में वकील प्रियांशु श्रीवास्तव की पांचवीं मंजिल से कूदने के बाद मौत

आरोप है कि गांव के ही चन्द्रपाल, राजकुमार और कल्लू ने मिलकर निजामुद्दीन को घेर लिया। तीनों ने गाली-गलौज करते हुए उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में निजामुद्दीन के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।

घटना के दौरान मौके पर मौजूद अफजाल और फहीम ने बीच-बचाव कर किसी तरह घायल युवक को आरोपियों के चंगुल से बचाया। पीड़ित का आरोप है कि जाते-जाते हमलावर उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

Also Read : चूल्हे की ‘चिंगारी’ बनी काल, छप्पर में सो रहे 3 साल के मासूम की जिंदा जलकर मौत

घटना के बाद घायल युवक ने मीरगंज थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

घायल का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।