UP: रायबरेली के भदोखर थाना क्षेत्र में लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जमालपुर के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक वाहन समेत फरार हो गया।
घर लौटते समय हुई दुर्घटन
मृतक की पहचान गोठांव गांव निवासी 33 वर्षीय शिवम सिंह पुत्र शिव विशाल सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शिवम मंगलवार रात बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जमालपुर के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।
Also Read: दहल उठा रायबरेली! नेशनल हाईवे पर यमदूत बनी कार ने तीन बाइकों के उड़ाए परखच्चे, एक की मौत
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
शिवम सिंह की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी और उनकी आठ महीने की एक बेटी है। वह तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और परिवार की जिम्मेदारियां संभाल रहे थे। तीन साल पहले मां के निधन के बाद परिवार को एक और बड़ा झटका लगा है। युवक की असमय मौत से पत्नी, पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव में पसरा मातम
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर रात शव जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया गया, जहां परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जमा रही। बुधवार को गांव में शोक का माहौल बना रहा और परिवार के घर लोगों का तांता लगा रहा।
पुलिस ने शुरू की जांच
भदोखर थाना प्रभारी राकेश चंद्र आनंद ने बताया कि वाहन की टक्कर के बाद डिवाइडर से सिर टकराने के कारण युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के प्रयास में जुटी है तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को चिन्हित कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















































