पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) की हल्दिया रैली ने सियासी तापमान बढ़ा दिया है। पीएम मोदी ने रैली में टीएमसी के ‘गुंडाराज’ और भ्रष्टाचार पर सीधे निशाना साधते हुए बीजेपी की संभावित सरकार बनने पर मिलने वाली छह गारंटियों का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी सत्ता में आती है, तो बंगाल के लाखों परिवारों की किस्मत बदल जाएगी और 7वां वेतन आयोग लागू किया जाएगा।
मां, बहन और बेटी को सम्मान देने का वादा
पीएम मोदी ने कहा कि वे बंगाल के लोगों के प्यार को कभी नहीं भूल सकते। उन्होंने हर मां, बहन और बेटी को सम्मान देने का वादा किया और जनता से आशीर्वाद की अपील की। मोदी ने कहा कि जैसे सतीश चंद्र सामंता ने अंग्रेजों की सत्ता को चुनौती दी थी, उसी धरती से वे पश्चिम बंगाल के लिए छह गारंटियां दे रहे हैं। ये गारंटियां कानून, प्रशासन, भ्रष्टाचार और सरकारी कर्मचारियों के हक से जुड़ी हैं और बीजेपी की सरकार बनने पर इन्हें लागू किया जाएगा।
पीएम मोदी की बंगाल में 6 गारंटी
1. भय की जगह भरोसा
पीएम मोदी की पहली गारंटी है कि टीएमसी द्वारा फैलाए गए भय और डर को समाप्त किया जाएगा। सरकार और सरकारी सिस्टम अब जनता के लिए डर का माध्यम नहीं रहेंगे। हर नागरिक आसानी से कानून और न्याय तक पहुँच सकेगा, और जनता में भरोसा लौटाया जाएगा।
2. जवाबदेह प्रशासन
दूसरी गारंटी में मोदी ने कहा कि बीजेपी की सरकार में सरकारी सिस्टम पूरी तरह जवाबदेह और पारदर्शी होगा। अधिकारी और कर्मचारी जनता की सेवा में उत्तरदायी होंगे और उनका कामकाज हर किसी के लिए स्पष्ट और जवाबदेह रहेगा।
3. पुरानी फाइलें खुलेंगी
तीसरी गारंटी के तहत पीएम मोदी ने वादा किया कि सभी घोटाले, भ्रष्टाचार, बेटियों के साथ हुए अन्याय और रैप केस की पुरानी फाइलें खोली जाएंगी। कोई भी मामला बिना जांच के नहीं छोड़ा जाएगा।
4. भ्रष्टाचारी जेल में जाएंगे
चौथी गारंटी में मोदी ने स्पष्ट किया कि टीएमसी शासन में जो भी भ्रष्टाचार करेगा, वह जेल जाएगा। चाहे वह मंत्री हो या कोई अन्य नेता, कानून सबका हिसाब करेगा। कोई भी टीएमसी कार्यकर्ता या गुंडा कानून से बचने में सफल नहीं होगा। जनता के पैसों की रक्षा उनकी सरकार की प्राथमिकता होगी।
5. शरणार्थियों के सुरक्षित हक
पांचवीं गारंटी के अनुसार, संवैधानिक शरणार्थियों को उनका पूरा हक मिलेगा। वहीं, अवैध घुसपैठ करने वालों को भारत से बाहर किया जाएगा। शरणार्थियों और असली नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि रहेगी।
6. 7वां वेतन आयोग लागू
छठी और सबसे महत्वपूर्ण गारंटी में पीएम मोदी ने कहा कि सभी सरकारी कर्मचारी, शिक्षक और अन्य सेवाओं में लगे लोग अब लंबे समय से भय में नहीं रहेंगे। बीजेपी सरकार बनते ही बंगाल में 7वां वेतन आयोग लागू किया जाएगा, जिससे कर्मचारियों को उनका उचित वेतन और सम्मान मिलेगा।
















































