शादियों का सीजन और गैस की किल्लत, रायबरेली में होटल-रेस्टोरेंट संचालकों का फूटा गुस्सा; प्रशासन को दी चेतावनी

रायबरेली: शहर के जायके पर ‘गैस की किल्लत’ का ग्रहण लग गया है। कमर्शियल सिलेंडरों की किल्लत ने होटल और रेस्टोरेंट संचालकों की नींद उड़ा दी है। आलम यह है कि सहालग (शादियों का सीजन) सिर पर है और रसोई में गैस खत्म होने को है। इस संकट से नाराज रेस्टोरेंट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर हुंकार भरी और डीएम को ज्ञापन सौंपकर जल्द सप्लाई बहाल करने की मांग की।

सिलेंडर की किल्लत से होटल कारोबार खतरे में, व्यवसायियों ने दी चेतावनी

​रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष गौरव अग्रवाल ने दो टूक कहा कि अगर सप्लाई का यही हाल रहा, तो होटलों और ढाबों में ताले लटकने तय हैं। उन्होंने बताया कि सहालग का सीजन शुरू होने वाला है, जिसमें गैस की खपत बढ़ जाती है। ऐसे में सिलेंडर न मिलना कारोबारियों की कमर तोड़ रहा है। ​एसोसिएशन के महामंत्री बलजीत सिंह ने कहा कि सिलेंडर की किल्लत से न केवल व्यापार प्रभावित हो रहा है, बल्कि होटल में काम करने वाले कर्मचारियों के सामने भी रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। संचालकों ने चेतावनी दी है कि यदि जिला प्रशासन ने जल्द हस्तक्षेप नहीं किया, तो वे कामकाज ठप करने पर मजबूर होंगे।

जिलाधिकारी ने गैस आपूर्ति बाधा को दूर करने का दिया आश्वासन

​मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने संचालकों को आश्वासन दिया है कि आपूर्ति में आ रही बाधाओं को दूर किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गैस एजेंसियों से तालमेल बैठाकर सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए ताकि शहर के कारोबार पर कोई आंच न आए।

https://youtube.com/@breakingtubelive?si=fUSugc9gNTBkf_37