गुजरात दिवस का भी होगा विशेष आयोजन, गरबा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र

गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय का स्थापना दिवस इस वर्ष भी परंपरानुसार 01 मई, 2026 को अत्यंत धूमधाम, गरिमा और उत्साह के साथ विश्वविद्यालय परिसर में मनाया जाएगा। यह अवसर विश्वविद्यालय की गौरवशाली यात्रा, शैक्षणिक उपलब्धियों और सामाजिक प्रतिबद्धताओं के उत्सव के रूप में मनाया जाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 09:00 बजे पंत पार्क स्थित पंडित गोविन्द बल्लभ पंत जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ होगा। इसके पश्चात प्रातः 09:20 बजे पंत भवन परिसर में स्थित शिलान्यास स्थल पर विधिवत पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्य समारोह प्रातः 10:00 बजे महायोगी गुरु श्री गोरक्षनाथ शोधपीठ सभागार में आयोजित होगा, जिसमें विश्वविद्यालय की उपलब्धियों एवं भावी योजनाओं पर प्रकाश डाला जाएगा।

Also Read : बरेली में साप्ताहिक बाजार जाते युवक पर जानलेवा हमला, तीन नामजद आरोपियों पर मुकदमा दर्ज

इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्ट पुरातन छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा।

इस वर्ष स्थापना दिवस समारोह के साथ ही गुजरात दिवस का भी विशेष आयोजन किया जाएगा, जिससे कार्यक्रम को राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक विविधता का व्यापक स्वरूप प्राप्त होगा। इस अवसर पर पारंपरिक गरबा नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जो उपस्थित जनसमूह के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे। यह आयोजन ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को सशक्त रूप से अभिव्यक्त करेगा।

Also Read : चूल्हे की ‘चिंगारी’ बनी काल, छप्पर में सो रहे 3 साल के मासूम की जिंदा जलकर मौत

इसी क्रम में कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने आज समारोह स्थल का निरीक्षण कर आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने इस अवसर पर विभिन्न समितियों के समन्वयकों के साथ बैठक कर कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कुलपति ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को समयबद्ध, समन्वित एवं गुणवत्तापूर्ण तैयारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी शिक्षकगण, अधिकारीगण, कर्मचारीगण एवं छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस महत्वपूर्ण अवसर को सफल एवं यादगार बनाएं।