बांदा: शहर के मुख्य बाजार में मंगलवार को एक चार्जिंग में लगी इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी अचानक आग का गोला बन गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और बगल में स्थित गारमेंट्स की दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही मिनटों में दुकान से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे पूरे बाजार में अफरा-तफरी और भगदड़ जैसा माहौल बन गया।
आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान दमकल कर्मियों ने साहस का परिचय देते हुए दुकान के ऊपर बने रिहायशी मकान में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि इस भीषण हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
Also Read: कांवड़ यात्रा 2026: सहारनपुर में 85 सेवा शिविर तैयार, प्लास्टिक पर रहेगा पूरा प्रतिबंध
हालांकि आग की चपेट में आने से गारमेंट्स की दुकान में रखा लाखों रुपये का कपड़ा, रेडीमेड गारमेंट्स, फर्नीचर और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। घटना के बाद बाजार में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई और काफी देर तक आवागमन भी प्रभावित रहा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग की शुरुआत चार्जिंग में लगी इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी से हुई, जिसके बाद आग ने तेजी से पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मतबूल हुसैन ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, जबकि नुकसान का आकलन भी कराया जा रहा है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































