UP चुनाव 2027: ब्राह्मण समाज का बढ़ता समर्थन! मायावती का बड़ा दावा, बसपा ने तेज की तैयारियां

UP चुनाव 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख मायावती (Mayawati) ने दावा किया है कि ब्राह्मण और अन्य सवर्ण वर्गों का रुझान तेजी से पार्टी की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह 2007 में ब्राह्मण समाज के सहयोग से बसपा ने पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी, उसी तरह के संकेत एक बार फिर दिखाई दे रहे हैं।

उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया हुई शुरू

मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि आगामी चुनाव को देखते हुए पार्टी ने विभिन्न वर्गों से उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग बसपा से जुड़ रहे हैं, जिससे विपक्षी दलों, विशेषकर समाजवादी पार्टी में बेचैनी बढ़ी है।

Also Read: 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर BSP की तैयारियों की मायावती ने की समीक्षा, OBC समाज पर फोकस

‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की नीति का जिक्र

बसपा प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी ने हमेशा सभी वर्गों को समान सम्मान और भागीदारी देने का काम किया है। संगठन से लेकर सरकार तक, बसपा ने अपने ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ के सिद्धांत को लागू किया और हर समाज के लोगों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया।

अन्य दलों पर लगाया उपेक्षा का आरोप

मायावती ने आरोप लगाया कि दूसरी पार्टियों की सरकारों में ब्राह्मण समाज लंबे समय से खुद को उपेक्षित और असुरक्षित महसूस कर रहा है। इसी वजह से अब बड़ी संख्या में लोग बसपा की ओर आकर्षित हो रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि पार्टी सत्ता में आती है तो पहले की तरह सभी वर्गों को सम्मान और उचित भागीदारी दी जाएगी।

Also Read: ‘महिला आरक्षण का वादा कांग्रेस ने कभी पूरा नहीं किया…’, भड़की मायावती, सपा को भी लिया आड़े हाथ

सभी समाजों को मिलेगा चुनाव में प्रतिनिधित्व

बसपा सुप्रीमो ने स्पष्ट किया कि पार्टी केवल ब्राह्मण समाज तक सीमित नहीं है। क्षत्रिय, वैश्य और अन्य समुदायों के योग्य और सक्रिय कार्यकर्ताओं को भी उनकी तैयारी और योगदान के आधार पर चुनाव मैदान में उतारा जाएगा। उन्होंने कहा कि बसपा सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने की रणनीति पर काम कर रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)