UP: आजमगढ़ में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस और राजस्व विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बिलरियागंज थाना क्षेत्र में अंतरजनपदीय टप्पेबाजी और चोरी गिरोह के सरगना राज उर्फ सवारिया की 538.55 वर्ग मीटर जमीन कुर्क कर प्रशासन ने अपने कब्जे में ले ली। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर 14 अगस्त 2026 को हुई इस कार्रवाई में संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 92 लाख रुपये बताई गई है।
भीड़भाड़ वाले स्थानों को बनाते थे निशाना
पुलिस के मुताबिक, जीयनपुर थाना क्षेत्र के गड़ेरी पट्टी निवासी राज उर्फ सवारिया अपने साथियों के साथ मिलकर संगठित तरीके से चोरी और टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देता था। गिरोह के सदस्य प्रयागराज महाकुंभ, काशी विश्वनाथ मंदिर, अयोध्या राम मंदिर समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों, मेलों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर श्रद्धालुओं को निशाना बनाते थे। इस दौरान सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने की शिकायतें सामने आई थीं।
Also Read:UP: पुलिस मुठभेड़ में अंतरजनपदीय टप्पेबाज गैंग का खुलासा, 3 शातिर गिरफ्तार, 2 घायल
अपराध की कमाई से खरीदी जमीन
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने कथित तौर पर अपराध से अर्जित धन से ग्राम नदौरा तकरकारी में 226.70 वर्ग मीटर और ग्राम गड़ेरी पट्टी में 311.85 वर्ग मीटर भूमि खरीदी थी। दोनों भूखंडों को मिलाकर कुल रकबा 538.55 वर्ग मीटर है। राजस्व विभाग के मूल्यांकन में इन संपत्तियों की बाजार कीमत करीब 1.92 करोड़ रुपये निर्धारित की गई। पुलिस के अनुसार, जमीन खरीदने और लोन की किश्तें चुकाने के लिए आरोपी की कोई वैध आय का स्रोत नहीं मिला।
गैंगस्टर एक्ट के तहत हुई कुर्की
जिला मजिस्ट्रेट ने गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत संपत्ति जब्ती का आदेश जारी किया था। आदेश के तहत तहसीलदार को संपत्ति का प्रशासक नियुक्त किया गया। इसके बाद बिलरियागंज पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने दोनों गांवों में पहुंचकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की। डुगडुगी पिटवाकर स्थानीय लोगों को कार्रवाई की जानकारी दी गई और जमीन को प्रशासनिक कब्जे में ले लिया गया।
Also Read: UP: अमेठी में कई थाना प्रभारी बदले, बड़ा उलटफेर, किसे मिली कौन-सी जिम्मेदारी?
अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई जारी
कुर्की की कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार सगड़ी आदर्श सिंह, राजस्व निरीक्षक सरजू प्रसाद शर्मा, लेखपाल अमरजीत यादव सहित जीयनपुर और बिलरियागंज थाने की पुलिस टीम मौजूद रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि संगठित अपराध में शामिल गैंगस्टरों और भूमाफियाओं की अवैध तरीके से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन और एएसपी ग्रामीण चिराग जैन के पर्यवेक्षण में की गई।



