UP: वाराणसी में गुरुवार को भारत विभाजन की त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में भाजपा की ओर से ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाया गया। इस अवसर पर मौन जुलूस निकाला गया, जिसमें प्रदेश सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, मंत्री रविंद्र जायसवाल समेत कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने मौन रखकर विभाजन पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी।
स्वतंत्र देव सिंह ने कांग्रेस पर साधा निशाना
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने वर्ष 1947 के विभाजन को लेकर कांग्रेस की तत्कालीन नीतियों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी से पहले कांग्रेस की मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति ने देश के विभाजन की परिस्थितियां तैयार कीं। उन्होंने कहा कि यदि उस दौर में अलग राजनीतिक निर्णय लिए गए होते तो पाकिस्तान भारत का हिस्सा होता।
Also Read: UP: अमेठी में कई थाना प्रभारी बदले, बड़ा उलटफेर, किसे मिली कौन-सी जिम्मेदारी?
विभाजन को बताया बड़ी मानवीय त्रासदी
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि 1947 का विभाजन भारतीय इतिहास की सबसे भयावह मानवीय त्रासदियों में शामिल है। उनके मुताबिक, विभाजन के दौरान लाखों लोगों को अपना घर छोड़कर पलायन करना पड़ा और हजारों परिवार बिखर गए। महिलाओं समेत बड़ी संख्या में लोगों को हिंसा और अमानवीय परिस्थितियों का सामना करना पड़ा, जबकि संपन्न परिवार भी अचानक शरणार्थी बनने को मजबूर हो गए।
पुनर्वास को लेकर कांग्रेस सरकार पर आरोप
मंत्री ने आरोप लगाया कि आजादी के बाद तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने विस्थापित परिवारों के पुनर्वास के लिए अपेक्षित स्तर पर काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा हर वर्ष विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के जरिए उस दौर की पीड़ा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और विभाजन पीड़ितों के संघर्ष एवं बलिदान को याद करने का प्रयास करती है।
Also Read: वाराणसी: वाराणसी में कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, दो सेक्स वर्कर व दो ग्राहक हिरासत में
एकता और सद्भाव बनाए रखने की अपील
भाजपा नेताओं ने कार्यक्रम के दौरान लोगों से विभाजन के इतिहास से सबक लेने और देश की एकता एवं सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाए रखने की अपील की। मौन जुलूस वाराणसी के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। इसके बाद विभाजन में प्रभावित लोगों की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जहां पीड़ितों को नमन किया गया।



















































