UP: अलीनगर में बड़ा हादसा: नहर में नहाते समय 12 वर्षीय किशोर डूबा, NDRF के इंतजार में सर्च ऑपरेशन जारी

चंदौली: अलीनगर थाना क्षेत्र के नई कोट नहर पुलिया के पास गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। नहर में नहाने के दौरान 12 वर्षीय किशोर गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई और मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार, 12 वर्षीय सावन कुमार अपने एक दोस्त के साथ नई कोट नहर पुलिया पर नहाने गया था। बताया जा रहा है कि पुलिया से नहर में छलांग लगाने के दौरान वह तेज बहाव और गहराई की चपेट में आ गया और देखते ही देखते पानी में लापता हो गया। उसके साथ मौजूद दोस्त ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और किशोर की तलाश शुरू कर दी।

Also Read: अमेठी: कांवड़ यात्रा से पहले प्रशासन अलर्ट, शिवालयों में सुरक्षा और सुविधाओं की व्यापक तैयारी

घटना की सूचना मिलते ही अलीनगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से किशोर की तलाश शुरू कराई, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका। पुलिस प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य के लिए NDRF को सूचना दे दी है। टीम के पहुंचने के बाद नहर में सर्च ऑपरेशन तेज किया जाएगा। फिलहाल स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से तलाश जारी है।

इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की निगरानी कर रही है और किशोर की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)