Home UP News UP: चंदौली पुलिस की बड़ी सफलता: 50 हजार का इनामी लुटेरा गिरफ्तार,...

UP: चंदौली पुलिस की बड़ी सफलता: 50 हजार का इनामी लुटेरा गिरफ्तार, साथी के पास से अवैध तमंचा व कारतूस बरामद

चंदौली: जनपद चंदौली की थाना सैयदराजा पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ट्रक लूट के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त शहजाद अली को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ आरोपी मसीद को भी गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से एक अवैध 0.315 बोर का तमंचा तथा दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष सैयदराजा अशोक कुमार मिश्र एवं प्रभारी सर्विलांस आशीष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगलवार को एनएच-19 पर वाराणसी से बिहार जाने वाली उत्तरी लेन स्थित काले शहीद बाबा मजार के पास से दोनों आरोपियों को एक ट्रक (संख्या DD01AL9764) सहित गिरफ्तार किया।

Also Read: UP: प्रेम विवाह के बाद युवती लापता, परिजनों ने पति पर हत्या कर शव गायब करने का लगाया आरोप

पुलिस के अनुसार, यह मामला 28 नवंबर 2024 का है। बिहार के डेहरी से लगभग 25 टन कोयला लेकर सितापुर जा रहा ट्रक संख्या BR01GF8742 थाना सैयदराजा क्षेत्र के बगही कुम्भापुर के पास से लूट लिया गया था। ट्रक चालक इम्तेयाज खान और खलासी राजू सिंह के साथ हुई इस घटना के संबंध में थाना सैयदराजा में मुकदमा संख्या 216/2024 धारा 310(2), 317(3), 317(5), 61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में पूर्व में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी, जबकि शहजाद अली फरार चल रहा था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त मसीद के पास से एक अवैध 0.315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद होने पर उसके विरुद्ध थाना सैयदराजा में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत एक अलग मुकदमा भी दर्ज किया गया है।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शहजाद अली पुत्र आजाद अली निवासी भगवानपुर छितपालगढ़, थाना देल्हूपुर, जनपद प्रतापगढ़ तथा मसीद पुत्र जुमई निवासी कुल्हीपुर, थाना देल्हूपुर, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है।

इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, प्रभारी सर्विलांस आशीष मिश्रा, उपनिरीक्षक धर्मदेव प्रसाद, हेड कांस्टेबल प्रेम प्रकाश, कांस्टेबल अजीत सिंह, रिक्रूट आरक्षी आकाश पाण्डेय, अमरेन्द्र पटेल एवं मनीष कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)