सुल्तानपुर : श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर जनपद के प्रमुख शिवालयों, मंदिरों और स्नानघाटों में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और पूजन-अर्चन करने के लिए लंबी कतारों में नजर आए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुचारु दर्शन व्यवस्था को लेकर सुलतानपुर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। पूरे जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए, जिससे कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
पुलिस अधीक्षक चारू निगम के निर्देशन में श्रावण मास के प्रथम सोमवार को लेकर पहले से ही विस्तृत सुरक्षा योजना तैयार की गई थी। इसके तहत सभी थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। निर्देशों के अनुपालन में प्रमुख शिवालयों, मंदिरों और स्नानघाटों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई।
Also Read: UP: मथुरा में राशन वितरण पर सवाल, ग्रामीणों ने डीलर के खिलाफ खोला मोर्चा
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्नानघाटों पर नाव, नाविकों और प्रशिक्षित गोताखोरों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। वहीं, महिला श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए मंदिर परिसरों में पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई। पुलिसकर्मी लगातार भीड़ पर नजर रखते हुए श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन और पूजा-अर्चना कराने में सहयोग करते रहे।
जिले के पुलिस कंट्रोल रूम से पूरे दिन सभी थाना क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी गई। अधिकारियों ने विभिन्न धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। साथ ही प्रमुख मार्गों और मंदिरों के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
श्रावण के प्रथम सोमवार पर जिलेभर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। पुलिस प्रशासन की सक्रियता और बेहतर व्यवस्थाओं के चलते श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से भगवान शिव के दर्शन और पूजा-अर्चना की। पूरे दिन जनपद में कानून-व्यवस्था सामान्य रही और सभी धार्मिक कार्यक्रम सकुशल संपन्न हुआ।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)






















































