UP: रायबरेली के जगतपुर क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गैंगस्टर अधिनियम के तहत वांछित चल रहे छह शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। आरोप है कि सभी आरोपी संगठित गिरोह बनाकर चोरी की कई वारदातों को अंजाम देते थे।
गैंग का सरगना सचिन पटेल निकला
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी पेशेवर अपराधी हैं। गिरोह का नेतृत्व जगतपुर थाना क्षेत्र के मधवापुर गांव निवासी सचिन पटेल कर रहा था। वही वारदातों की योजना बनाता और पूरे नेटवर्क का संचालन करता था। गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होने के बाद से पुलिस इनकी तलाश में जुटी हुई थी।
Also Read: UP: भाई निकला बहन का हत्यारा, गला दबाकर फेंका शव, आरोपी गिरफ्तार
जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े हैं आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य जिले के विभिन्न इलाकों से ताल्लुक रखते हैं। गिरफ्तार आरोपियों में मधवापुर निवासी सचिन पटेल, मायेमऊ गांव के शिवा पटेल और आकाश पटेल, हरदीटीकर गांव का पिंकू, ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के बहेरवा गांव निवासी मनीष कुमार तथा सलोन कोतवाली क्षेत्र के गौवा बाजार निवासी राजकुमार शामिल हैं।
अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी
एसपी रवि कुमार ने कहा कि जिले में संगठित अपराध को किसी भी कीमत पर बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। फरार गैंगस्टर आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस की सतर्कता और सक्रियता का परिणाम है। सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
Also Read: UP: रायबरेली नगर पालिका पर फिर उठे सवाल, प्रभारी मंत्री से की गई जांच की मांग
अन्य संपर्कों और आपराधिक रिकॉर्ड की जांच जारी
पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य संभावित लोगों और आरोपियों के आपराधिक इतिहास की गहन जांच कर रही है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।
















































