UP: रायबरेली की मॉडर्न रेल कोच फैक्टरी (MCF) के नाम पर सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप पर फर्जी भर्ती संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं। इन संदेशों में युवाओं को नौकरी का लालच देकर ठगी की कोशिश की जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एमसीएफ प्रशासन ने अभ्यर्थियों और आम लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
60 कंप्यूटर ऑपरेटर और 60 ऑफिस असिस्टेंट की भर्ती का दावा
सोशल मीडिया पर वायरल संदेशों में दावा किया जा रहा है कि एमसीएफ रायबरेली में 60 कंप्यूटर ऑपरेटर और 60 ऑफिस असिस्टेंट के पदों पर भर्ती की जा रही है। संदेश में तत्काल जॉइनिंग और आकर्षक वेतन का लालच दिया गया है। इसके साथ एक वेबसाइट का लिंक भी साझा किया गया है, जिसे एमसीएफ की आधिकारिक वेबसाइट बताकर अभ्यर्थियों को भ्रमित किया जा रहा है।
Also Read: UP: चाय की चुस्की पर महंगाई की मार! रायबरेली में चीनी के भाव में 33% उछाल
एमसीएफ ने भर्ती दावे को बताया फर्जी
एमसीएफ के जनसंपर्क अधिकारी अनिल श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि संस्थान की ओर से ऐसी कोई भर्ती अधिसूचना जारी नहीं की गई है। सोशल मीडिया पर प्रसारित वेबसाइट लिंक भी फर्जी और अनधिकृत है। उन्होंने बताया कि रेलवे में विभिन्न पदों पर भर्ती निर्धारित प्रक्रिया के तहत रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) और रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (RRC) के माध्यम से होती है।
निजी एजेंसी या डायरेक्ट लिंक से नहीं मिलती नौकरी
रेलवे प्रशासन ने अभ्यर्थियों को आगाह किया है कि नौकरी के नाम पर किसी निजी एजेंसी, व्यक्ति या संदिग्ध वेबसाइट के झांसे में न आएं। रेलवे में भर्ती प्रतियोगी परीक्षा और पारदर्शी चयन प्रक्रिया के जरिए होती है। ऐसे में किसी भी व्यक्ति को नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे देना भारी नुकसान का कारण बन सकता है।
Also Read: देवरिया : खाद्य मसाला प्रतिष्ठानों पर सघन निरीक्षण, बिना लाइसेंस वाले संचालकों को नोटिस
संदिग्ध लिंक से रहें दूर, पैसे देने से बचें
एमसीएफ ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान या संदिग्ध वेबसाइट लिंक पर क्लिक न करें और नौकरी का झूठा वादा करने वालों से सावधान रहें। भर्ती के नाम पर यदि कोई भुगतान की मांग करता है तो पैसे न दें। रेलवे भर्ती से जुड़ी जानकारी के लिए केवल अधिकृत आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करने की सलाह दी गई है।



















































