UP: दिल्ली में छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में सैफई में सपा का कैंडल मार्च

 इटावा: दिल्ली में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में शनिवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सैफई में विरोध स्वरूप कैंडल मार्च निकाला। यह मार्च सैफई गोल चक्कर से शुरू होकर नेताजी मुलायम सिंह यादव की समाधि स्थल तक निकाला गया। कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय लोग शामिल हुए।

मार्च में सैफई की ब्लॉक प्रमुख मृदुला यादव भी शामिल हुईं। उन्होंने छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत बताते हुए कहा कि अपनी आवाज उठाना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और छात्रों की मांगों को बल प्रयोग से दबाना उचित नहीं है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर छात्रों के समर्थन में नारे लगाए और पुलिस कार्रवाई के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।

Also Read: UP: सीतापुर में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में सौंपा ज्ञापन

कैंडल मार्च को लेकर पूरे क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। मौके पर उपजिलाधिकारी (एसडीएम), क्षेत्राधिकारी (सीओ) तथा थाना पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रही। पुलिस ने पूरे मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए, जिससे कैंडल मार्च शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

सैफई में आयोजित इस कैंडल मार्च को समाजवादी पार्टी ने छात्रों के समर्थन और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया। वहीं, प्रशासन ने पूरे कार्यक्रम पर नजर बनाए रखी और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)