UP: रायबरेली में युवक की संदिग्ध मौत, कमरे में पंखे से लटका मिला 26 वर्षीय मोहन का शव

रायबरेली: बछरावां थाना क्षेत्र के सिन्नत खेड़ा गांव में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब 26 वर्षीय युवक का शव कमरे में पंखे के सहारे फंदे से लटका मिला. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है पुलिस मामले की जांच में जुटी है. सिन्नत खेड़ा निवासी मोहन (26) पुत्र मानिक लाल बुधवार रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था.

गुरुवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर उसकी मां उसे जगाने पहुंचीं. दरवाजा अंदर से बंद था. खिड़की से झांककर देखने पर मोहन का शव पंखे के सहारे फंदे से लटका दिखाई दिया.यह दृश्य देखते ही मां की चीख निकल गई. आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए.

Also Read: अमेठी: कांवड़ यात्रा से पहले प्रशासन अलर्ट, शिवालयों में सुरक्षा और सुविधाओं की व्यापक तैयारी

ग्रामीणों ने तत्काल स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतरवाया. पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.पुलिस की प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पारिवारिक कलह की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.

थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. परिजनों की ओर से अभी कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है. तहरीर मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी. पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)