इटावा: नगर पालिका परिषद के मोहल्ला रेलमंडी मध्य स्थित वार्ड 17 में जलभराव और गंदगी की समस्या से स्थानीय लोग परेशान हैं। नालों की नियमित सफाई नहीं होने और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था के अभाव में बारिश के दौरान गलियों और सड़कों पर पानी जमा हो जाता है। कई स्थानों पर हालात ऐसे हो जाते हैं कि गलियां तालाब जैसी नजर आने लगती हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नालियों में कूड़ा-कचरा जमा होने से पानी की निकासी प्रभावित होती है। लंबे समय तक जलभराव रहने से गंदगी और दुर्गंध की स्थिति बनी रहती है। इसके साथ ही मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।अभिषेक यादव ने बताया कि जलभराव और गंदगी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। प्रशांत गोलू ने कहा कि नालों से उठने वाली दुर्गंध के कारण आसपास रहने वाले लोगों को दिक्कत होती है।
जौनी यादव ने बताया कि बारिश के दौरान नालियों का पानी सड़क और गलियों में भर जाता है।वार्ड में करीब छह गलियां कच्ची हैं, जबकि कई अन्य गलियां टूट-फूट और ऊबड़-खाबड़ होने के कारण लोगों के आवागमन में परेशानी पैदा करती हैं। स्थानीय लोगों ने नालों की नियमित सफाई, बेहतर जलनिकासी और गलियों की मरम्मत कराकर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
सभासद बोले- बोर्ड बैठक में उठाई समस्याएं
वार्ड 17 के सभासद सुधीर यादव ने बताया कि जलभराव, नालों की सफाई, कच्ची व जर्जर गलियों सहित अन्य समस्याओं को नगर पालिका की बोर्ड बैठक में उठाया गया है। समस्याओं के समाधान के लिए प्रस्ताव भी दिए गए हैं।
ईओ बोले- निरीक्षण कर कराया जाएगा समाधान
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी श्याम बचन सरोज ने कहा कि वार्ड की समस्याओं का निरीक्षण कराया जाएगा। संबंधित समस्याओं को चिन्हित कर उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



















































