बहराइच: बहराइच-लखनऊ मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे चौधरी ट्रेडर्स के सामने दो पिकअप वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के चालक समेत तीन लोग घायल हो गए और कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस टीम के साथ फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची।
टक्कर के बाद वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थानीय लोगों और फायर ब्रिगेड की मदद से घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।जानकारी के मुताबिक, मुर्गे लेकर बहराइच से लखनऊ की ओर जा रही पिकअप संख्या UP 41 BT 8002 की सामने से आ रही सब्जी लदी पिकअप संख्या RJ 29 GB 5696 से भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहनों की रफ्तार तेज होने के कारण टक्कर काफी जोरदार थी।
हादसे में मुर्गे वाली पिकअप के चालक मो. रईस निवासी माती, बाराबंकी तथा सब्जी वाली पिकअप के चालक अशोक और उनके सहयोगी गोलू घायल बताए गए हैं। हादसे के बाद तीनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल बहराइच भेजा गया। टक्कर के बाद वाहनों में फंसे लोगों को निकालने में परेशानी होने पर फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को बाहर निकाला। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया।
दोनों पिकअप के बीच हुई भिड़ंत के कारण बहराइच-लखनऊ मुख्य मार्ग पर कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर वाहनों की भीड़ लगने से जाम जैसी स्थिति बन गई। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर यातायात को व्यवस्थित कराया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर कुछ देर तक अफरा-तफरी रही, लेकिन पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।



















































