UP: राशन वितरण कर रहीं समूह की महिलाओं को बिना सूचना हटाया, 2022 से नहीं मिला मानदेय

गोंडा: राशन वितरण का कार्य कर रही स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने खंड विकास अधिकारी सुष्मिता यादव को गुरुवार को शिकायती पत्र देकर बकाया मानदेय दिलाने और पुनः बहाली की मांग की है।

महिलाओं ने बताया कि वे बाल विकास विभाग के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों पर ड्राई राशन पहुंचाने और वितरण का कार्य करती थीं, लेकिन बिना किसी पूर्व सूचना के विभाग ने उन्हें हटा दिया है। वर्ष 2022 से मार्च 2026 तक कार्य करने के बावजूद अभी तक मानदेय नहीं मिला है, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Also Read: बुंदेलखंड में फिर बढ़ा बाढ़ का खतरा! केन-यमुना उफान पर, चिल्ला घाट पर भी बढ़ा जलस्तर

पत्र में कहा गया है कि बकाया मानदेय को लेकर संबंधित अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब बिना सूचना हटाए जाने से उनकी आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। महिलाओं ने बीडीओ से प्रार्थना पत्र को संज्ञान में लेकर बकाया मानदेय दिलाने और पुनः बहाल करने की मांग की है।

इस अवसर पर बल्ला बाबा महिला स्वयं सहायता समूह तरबगंज की अध्यक्ष संगीता, सैनी पार्वती, पदमावती, सुनीता, शांतीना, विगत देवी, राजकुमारी और हनुमान जी महिला स्वयं सहायता समूह असरथा की किरन, सुशीला, कलावती, मलमांती, रेशमा, सीमा, पिंकी, गुड़िया, रानी, मीरा समेत दर्जनों महिलाएं मौजूद रहीं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)