सहारनपुर: जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा- नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान के तहत गागलहेड़ी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग और गश्त के दौरान एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 284 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। पुलिस के मुताबिक बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 55 से 56.80 लाख रुपये है।
थाना गागलहेड़ी पुलिस टीम आज क्षेत्र में चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान हिंडन नदी के पुराने पुल के पास संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 284 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।पुलिस ने आरोपी की पहचान अब्दुल रहमान उर्फ मोनू पुत्र मेहरबान, निवासी ग्राम रायपुर, थाना मिर्जापुर, जिला सहारनपुर के रूप में की है। बरामदगी के आधार पर थाना गागलहेड़ी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
Also Read: लखनऊ: अंबी बिष्ट समेत 5 के खिलाफ FIR, LDA से जुड़ा मामला, विजिलेंस जांच के बाद कार्रवाई
क्षेत्राधिकारी बेहट शशिप्रकाश शर्मा ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में सामने आया है कि वह बाहर से कम कीमत पर स्मैक खरीदकर लाता था और यहां नशे के आदी लोगों को महंगे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाता था। पुलिस अब आरोपी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर रही है, ताकि इस नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














