Uttar Pradesh : सीएचसी रामनगर में झोलाछाप डॉक्टरों पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, चार क्लीनिक सील, दो दिन में अभिलेख प्रस्तुत करने का नोटिस

रामनगर, बाराबंकी : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रामनगर की अधीक्षक डॉ. प्रणव कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र में संचालित झोलाछाप डॉक्टरों और अवैध क्लीनिकों के खिलाफ सघन अभियान चलाया। अभियान के दौरान कई क्लीनिकों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से चार क्लीनिकों को आवश्यक अभिलेख और मानक पूरे न होने के कारण तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पाया कि संबंधित क्लीनिक संचालक निर्धारित मानकों का पालन नहीं कर रहे थे तथा आवश्यक पंजीकरण एवं अन्य दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं करा सके। इस पर टीम ने कार्रवाई करते हुए क्लीनिकों को सील कर दिया और संचालकों को दो दिनों के भीतर सभी आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने का नोटिस जारी किया। विभाग ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में संतोषजनक अभिलेख प्रस्तुत न करने पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान टीम ने रामनगर कस्बे में संचालित कई निजी क्लीनिकों का भी निरीक्षण किया। इनमें रामनगर स्थित सुमन क्लीनिक, रामचंद्र पुत्र देवतादीन गणेशपुर, तथा डॉ. अवधराम पुत्र मोहनलाल, योगेंद्र पुत्र रामकुमार गणेशपुर क्लीनिकों की जांच की गई। इसके अलावा अन्य पंजीकृत क्लीनिकों और अस्पतालों का भी निरीक्षण कर संचालकों को शासन के निर्देशों के अनुरूप सभी मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कहा कि बिना पंजीकरण अथवा नियमों के विपरीत चिकित्सा सेवाएं संचालित करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आम जनता से भी अपील की गई है कि उपचार के लिए केवल पंजीकृत चिकित्सकों एवं मान्यता प्राप्त अस्पतालों में ही जाएं और किसी भी संदिग्ध अथवा अवैध क्लीनिक की सूचना स्वास्थ्य विभाग को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

इस संबंध में डॉक्टर पवन कुमार श्रीवास्तव ने बताया रामनगर और गणेशपुर अवैध क्लिनिक पर छापा मारा गया है जिसमें चार छोला छाप क्लिनिक सील किया गया है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)