अमेठी : समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल शनिवार को अमेठी पहुंचे, जहां उन्होंने दलशाहपुर गांव जाकर जमीनी विवाद में मारे गए बुजुर्ग रामफली पाल के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की. इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया और घटना की जानकारी ली.
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से पीड़ित परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है. साथ ही प्रशासन से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की गई है.
गौरतलब है कि बीते बुधवार की रात अमेठी कोतवाली क्षेत्र के दलशाहपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर रामफली पाल और उनके परिवार पर विपक्षियों ने लाठी – डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया था. हमले में गंभीर रूप से घायल रामफली पाल को पहले स्थानीय अस्पताल, फिर जिला अस्पताल और बाद में एम्स रायबरेली रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी. घटना में परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए थे.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित दो महिलाओं को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया था. पुलिस द्वारा अन्य आरोपियों की तलाश और मामले की जांच जारी है.
दलशाहपुर गांव पहुंचे सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और कहा कि समाजवादी पार्टी हर परिस्थिति में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है. उन्होंने कहा कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए और परिवार को पूरी सुरक्षा उपलब्ध कराई जानी चाहिए.
इस अवसर पर अमेठी विधायक महाराजी प्रजापति, सपा जिलाध्यक्ष राम उदित यादव, जिला प्रवक्ता राजेश मिश्र, सपा नेता शिव प्रताप यादव समेत बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. वहीं, सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर अमेठी कोतवाली पुलिस के अलावा आसपास के कई थानों की पुलिस फोर्स भी गांव में तैनात रही. प्रदेश अध्यक्ष के दौरे को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे.










































