वाराणसी: महिलाओं की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सिगरा थाना की एंटी रोमियो टीम ने कैंट रेलवे स्टेशन के बाहर विशेष अभियान चलाकर छह लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें चार पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर राहगीरों और महिलाओं से अभद्र व्यवहार करने तथा अश्लील हरकतें करने का आरोप है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डीसीपी काशी जोन, एडीसीपी काशी जोन और एसीपी के निर्देशन में सिगरा थाना प्रभारी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कैंट रेलवे स्टेशन के सामने पिलर संख्या 57 से 60 के बीच कुछ युवक आने-जाने वाली महिलाओं से अश्लील इशारे कर उन्हें परेशान कर रहे हैं।
सूचना के बाद एंटी रोमियो टीम सादे कपड़ों में मौके पर पहुंची और निगरानी शुरू की। जांच के दौरान शिकायत सही मिलने पर टीम ने मौके से चार पुरुषों और दो महिलाओं को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार पुरुषों में चंदौली, जौनपुर, बिहार और झारखंड के निवासी शामिल हैं। वहीं, दोनों महिलाओं के खिलाफ भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में सिगरा थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच के दौरान चार अन्य व्यक्तियों को भी पूछताछ के लिए रोका गया था। सत्यापन और परिजनों को बुलाने के बाद उन्हें भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी देकर सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कैंट रेलवे स्टेशन पूर्वांचल के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में शामिल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आते-जाते हैं। ऐसे में महिलाओं की सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए एंटी रोमियो टीम नियमित रूप से अभियान चलाती रहेगी। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी सार्वजनिक स्थान पर महिलाओं से छेड़छाड़, अभद्रता या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि आरोपियों के खिलाफ समय रहते कार्रवाई की जा सके।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































