अमेठी : कोतवाली अमेठी क्षेत्र के गुगवाछ गांव में नाना के घर रहकर पढ़ाई कर रही 14 वर्षीय बालिका की सांप के काटने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, वहीं गांव में भी मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार संग्रामपुर थाना क्षेत्र के तिवारीपुर गांव निवासी कपिलकांत शुक्ला की 14 वर्षीय बेटी कीर्ति अपने नाना के घर गुगवाछ गांव में रहकर पढ़ाई कर रही थी। बताया जा रहा है कि देर रात घर में अचानक सांप ने कीर्ति को डस लिया। जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।
Also Read; UP: बारिश बनी हादसे की वजह! डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार कार, चार लोग घायल
अस्पताल में चिकित्सकों ने बालिका का इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी रही। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने कीर्ति को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना पैतृक गांव तिवारीपुर में परिजनों को दी गई। जानकारी मिलते ही पिता कपिलकांत शुक्ला समेत परिवार के अन्य सदस्य गुगवाछ पहुंच गए। बेटी की मौत से ननिहाल और पैतृक परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों के मुताबिक कीर्ति पढ़ाई में होनहार थी और नाना के घर रहकर शिक्षा ग्रहण कर रही थी। उसकी अचानक हुई मौत से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है.



















































