भारत-अमेरिका डील पर जारी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है. इसी कड़ी में किसानों के मुद्दों को लेकर राजधानी भोपाल आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में आयोजित किसान महा चौपाल में शामिल होंगे. कांग्रेस इस समझौते को किसान हितों के खिलाफ बताते हुए इसे राष्ट्रीय स्तर का आंदोलन बनाने की तैयारी में हैप्रदेश कांग्रेस नेतृत्व का दावा है कि इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में किसान शामिल होंगे और किसानों की समस्याओं को राष्ट्रीय मंच पर उठाया जाएगा. किसान महा चौपाल को लेकर कांग्रेस की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी मंगलवार दोपहर दिल्ली से भोपाल पहुंचेंगे और सीधे किसान महा चौपाल में शामिल होंगे. इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक राहुल गांधी किसानों से सीधे संवाद करेंगे।
कांग्रेस का आरोप है कि भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते से भारतीय किसानों को भारी नुकसान हो सकता है. पार्टी नेताओं का कहना है कि सस्ते विदेशी कृषि उत्पादों के आयात से सोयाबीन, कपास और मक्का जैसे फसलों के दाम प्रभावित होंगे. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि यह समझौता अमेरिकी दबाव में किया गया है और इसका सीधा असर मध्य प्रदेश सहित देश के किसानों पर पड़ेगा. कांग्रेस इसे “किसान विरोधी समझौता” बताते हुए राष्ट्रीय स्तर पर आंदोलन छेड़ने की तैयारी में है।
भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील के विरोध में आज मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के जवाहर चौक पर कांग्रेस ने ‘किसान महाचौपाल’ बुलाई है। इस कार्यक्रम को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी संबोधित करेंगे, जिसकी तैयारियों के लिए 50 हजार लोगों की क्षमता वाला डोम तैयार किया गया है। दोनों नेता भोपाल पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट से सीधे कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हो रहे हैं।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि अमेरिका के साथ की गई ट्रेड डील में प्रधानमंत्री ने देश को बेच दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस समझौते से देश का डेटा सौंपा गया, किसानों, टेक्सटाइल उद्योग और रोजगार को नुकसान पहुंचाया गया, जो शर्म की बात है। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि अमेरिका में अडानी से जुड़े मामलों को लेकर प्रधानमंत्री चिंतित हैं और 14 महीनों से कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिल्ली से रवाना होने से पहले कहा कि देश का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति लोगों में गहरी नाराजगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प के दबाव में आकर उनकी शर्तें मान लीं, जिससे देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शर्मिंदगी उठानी पड़ी। ऐसे फैसले लिए गए, जो किसानों के हितों के खिलाफ हैं और देश को कमजोर करते हैं। खड़गे ने कहा कि कांग्रेस डरने वाली पार्टी नहीं है।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राहुल गांधी तो आज आ रहे हैं हम तो 365 दिन किसानों के लिए काम करते हैं। राहुल तो राज्य की जनता से माफी मांगें। उनकी सरकार 1956 में बनी, तब से लेकर 2003 तक सिंचाई का रकबा केवल साढ़े सात लाख हेक्टेयर क्यों रहा। कांग्रेस ने किसानों के साथ अन्याय किया।
INPUT-ANANYA MISHRA









































