अयातुल्लाअली खामेनेई की मौत के बाद अलर्ट मोड में UP, ड्रोन कैमरो से सख्त मॉनिटरिंग के निर्देश

UP: ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई (Ayatollah Ali Khamenei) के निधन की खबर के बाद उत्तर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। लखनऊ सहित कई शहरों में हुए प्रदर्शनों को देखते हुए प्रदेश के सभी जिलों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस मुख्यालय ने हालात पर पैनी नजर रखने के निर्देश जारी किए हैं ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को समय रहते रोका जा सके।

डीजीपी के निर्देश

प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्णा ने सभी जिलों के एसपी, आईजी रेंज और एडीजी जोन को अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा है। होली और रमजान के दौरान संभावित संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही ड्रोन कैमरों के जरिए भीड़भाड़ वाले इलाकों की निगरानी की जा रही है।

Also  Read: लखनऊ: खामेनेई की मौत पर शिया समुदाय का सड़कों पर प्रदर्शन, महिलाएं और पुरुष फूट-फूटकर रोएं, तीन दिवसीय शोक का ऐलान

सोशल मीडिया पर कड़ी नजर

पुलिस प्रशासन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह को तुरंत खंडित करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही गई है। एलआईयू के साथ-साथ थाना, सर्किल और जिला स्तर की टीमें सादे कपड़ों में तैनात कर दी गई हैं, ताकि हालात पर गुप्त रूप से नजर रखी जा सके।

 112 मुख्यालय हाई अलर्ट पर

सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को दंगा नियंत्रण उपकरणों की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आपातकालीन सेवा 112 मुख्यालय को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। ड्रोन कैमरो से मॉनिटरिंग होगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली और रमजान के दौरान किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा और शांति बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)