नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Noida International Airport) के उद्घाटन से पहले प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। नोएडा और ग्रेटर नोएडा से यमुना एक्सप्रेस-वे के जरिए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले लोगों की निगरानी के लिए करीब 300 से अधिक हाई-रिजॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इन कैमरों की मॉनिटरिंग कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से की जाएगी। साथ ही, वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) के माध्यम से भी एक्सप्रेस-वे पर नजर रखी जा रही है।
प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर एजेंसियां अलर्ट
28 मार्च को होने वाले उद्घाटन कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है। स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) की टीम जल्द ही कार्यक्रम स्थल का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेगी। मंच और उसके आसपास के इलाके को एसपीजी अपने सुरक्षा घेरे में लेगी, जबकि कार्यक्रम स्थल और उससे जुड़े रास्तों पर करीब 4000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
सादी वर्दी में पुलिस की तैनाती, हर गतिविधि पर नजर
कार्यक्रम के दौरान किसी भी असामाजिक गतिविधि को रोकने के लिए सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। ये कर्मी भीड़ में रहकर हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखेंगे। उद्घाटन समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और अन्य वीवीआईपी के शामिल होने की संभावना है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा रहा है।
शहर को संवारा जा रहा, रास्तों का हो रहा कायाकल्प
उद्घाटन कार्यक्रम को देखते हुए नोएडा शहर को भी सजाया और संवारा जा रहा है। चिल्ला बॉर्डर और डीएनडी से लेकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे तक सफाई और मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। सड़कों की मरम्मत, फुटपाथों पर पेंटिंग, पेड़ों की कटाई-छंटाई और खराब स्ट्रीट लाइटों को बदला जा रहा है। प्राधिकरण के निर्देश पर पूरे रूट को बेहतर बनाने के लिए तेजी से काम चल रहा है, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी भी तरह की असुविधा न हो।



















































