गोण्डा : महिला सशक्तिकरण और युवा विकास को नई दिशा देते हुए गोण्डा में एक अनूठी पहल की शुरुआत हुई है। विकास भवन परिसर स्थित ‘शक्ति कैफे’ में अब केवल खान-पान ही नहीं, बल्कि ज्ञान की भी व्यवस्था की गई है। मुख्य विकास अधिकारी के नेतृत्व में “अरगा ज्ञान गंज: चाय एंड चैप्टर्स” नामक इस पहल के तहत कैफे के दो कमरों को सार्वजनिक पठन क्षेत्र में बदल दिया गया है।
इस पहल का उद्देश्य युवाओं को एक सकारात्मक ‘थर्ड स्पेस’ उपलब्ध कराना है, जहाँ वे चाय की चुस्कियों के साथ किताबों का आनंद ले सकें। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए यह स्थान खासतौर पर उपयोगी साबित होगा।
इसका मुख्य आकर्षण स्थानीय इतिहास और प्रेरक कहानियों का प्रदर्शन, पुस्तक दान अभियान के जरिए ‘जनता का पुस्तकालय’ मॉडल, स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की बिक्री में वृद्धि की संभावना और ‘ज्ञानोदय’ डिजिटल लैब और ‘ज्ञानावास’ पहल से जुड़ा समग्र विकास शामिल है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस पुस्तक दान अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और प्रतियोगी परीक्षाओं, साहित्य व प्रेरणादायक किताबें दान करें।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा, “यह सिर्फ एक पुस्तकालय नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को उड़ान देने वाला मंच है, जहाँ वे एक साथ सीख सकते हैं, खा सकते हैं और आगे बढ़ सकते हैं।” इस अभिनव प्रयोग के साथ गोण्डा ने सरकारी संसाधनों के सामाजिक और शैक्षिक उपयोग में एक नई मिसाल कायम की है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)










































