रायबरेली में मौत का तांडव : बीच सड़क ‘आग का गोला’ बनी डीसीएम, रेल कोच फैक्ट्री के पास मचा हड़कंप

रायबरेली : उत्तर प्रदेश के रायबरेली में मंगलवार को उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब रफ्तार भर रही एक डीसीएम देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गई। धू-धू कर जलती गाड़ी और आसमान छूता काले धुएं का गुबार देखकर राहगीरों के हाथ-पांव फूल गए। घटना रायबरेली-लालगंज मार्ग स्थित मॉडर्न रेल कोच फैक्ट्री के गेट के ठीक सामने की है।

दहशत में आए राहगीर, मसीहा बने स्थानीय लोग

जैसे ही चलती डीसीएम से आग की लपटें बाहर निकलीं, चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी रोकी और कूदकर अपनी जान बचाई। चंद मिनटों में ही पूरी गाड़ी आग की आगोश में थी। मंजर इतना डरावना था कि सड़क पर ट्रैफिक थम गया। हालांकि, डर के बीच स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाई और फौरन बाल्टियों से पानी डालना शुरू किया, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि काबू पाना मुश्किल हो रहा था।

Also Read: लखनऊ: यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के पूर्व ब्रांच मैनेजर नितिन चौधरी गिरफ्तार, दिल्ली से STF ने दबोचा,  मुद्रा बैंक लोन घोटाले से जुड़ा मामला 

फायर ब्रिगेड की ‘वॉटर कैनन’ ने पाया काबू

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी सायरन बजाती हुई मौके पर पहुंची। फायर फाइटर्स ने बिना वक्त गंवाए चारों तरफ से पानी की बौछारें (वॉटर फव्वारे) शुरू कीं। काफी मशक्कत के बाद जब आग बुझी, तब जाकर प्रशासन और राहगीरों ने राहत की सांस ली।


सब कुछ जलकर खाक, पर ‘जाको राखे साइयां’

गनीमत रही कि इस भीषण अग्निकांड में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन ट्रक का अगला हिस्सा और उसमें रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)