लखनऊ के सैरपुर थाना क्षेत्र में एक मुस्लिम युवक पर हिंदू नाम और पहचान बनाकर नाबालिग हिंदू लड़की से दोस्ती करने, आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाने और धर्म परिवर्तन का दबाव डालने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
इंस्टाग्राम के जरिए हुई दोस्ती
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान शोएब अख्तर पुत्र सुबराती के रूप में हुई है, जो गोंडा जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कर्दा का निवासी बताया जा रहा है। वह लखनऊ के रैथा रोड स्थित छठामील चौराहे पर ‘प्रोफेशनल शोएब अख्तर सैलून’ नाम से नाई की दुकान चलाता था। आरोप है कि उसने इंस्टाग्राम पर खुद को ‘सौरभ सिंह’ बताकर करीब दो साल पहले 15 वर्षीय हिंदू लड़की से संपर्क किया। बातचीत बढ़ने के बाद उसने लड़की से नजदीकियां बढ़ाईं और कथित तौर पर उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए।
पहचान खुलने के बाद बढ़ा विवाद
पीड़िता का कहना है कि कुछ समय बाद उसे पता चला कि युवक हिंदू नहीं बल्कि मुस्लिम है। इसके बाद उसने आरोपी से दूरी बना ली और बातचीत बंद कर दी। आरोप है कि इसी के बाद युवक ने गाली-गलौज शुरू कर दी और फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने लगा। लड़की ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर आरोपी ने उसके अश्लील फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए।
सनातन संघ संगठन ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
रविवार शाम सनातन संघ संगठन के कार्यकर्ताओं ने आरोपी को पकड़कर सैरपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। संगठन के जिला अध्यक्ष अभय सिंह चौहान ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि शोएब अख्तर फर्जी हिंदू पहचान बनाकर हिंदू लड़कियों को अपने जाल में फंसाता था।
धर्मांतरण का दबाव और निजी फोटो और वीडियो वायरल
उन्होंने दावा किया कि आरोपी लड़कियों से संबंध बनाकर उनके निजी फोटो और वीडियो रिकॉर्ड करता था और बाद में उन्हें वायरल करने की धमकी देकर धर्मांतरण का दबाव बनाता था। संगठन का यह भी कहना है कि आरोपी के मोबाइल फोन से 13-14 लड़कियों के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो मिले हैं। संगठन के लोगों का कहना है कि वे पिछले छह महीनों से युवक की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे।
पीड़िता की शिकायत पर दर्ज हुई FIR
नाबालिग पीड़िता ने भी रविवार को सैरपुर थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धर्मांतरण, आईटी एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। एडीसीपी नॉर्थ ट्विंकल जैन ने बताया कि आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा नेता ने पहले भी जताई थी आशंका
बीकेटी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी और भाजपा प्रवक्ता संजय सिंह ने करीब एक महीने पहले सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर युवक की गतिविधियों पर सवाल उठाए थे। उन्होंने दावा किया था कि आरोपी मुस्लिम होने के बावजूद हिंदू नाम से इंस्टाग्राम अकाउंट चला रहा है और फर्जी पहचान के जरिए किसी हिंदू लड़की को निशाना बना सकता है।
कॉल रिकॉर्डिंग की भी जांच में जुटी पुलिस
पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन से 19 सेकंड की एक कॉल रिकॉर्डिंग भी मिली है। रिकॉर्डिंग में आरोपी सोशल मीडिया पोस्ट और उस पर हो रही टिप्पणियों को लेकर किसी युवक से चर्चा करता सुनाई दे रहा है। रिकॉर्डिंग में दूसरी ओर से आवाज आती है कि ‘दुनिया है, लोग कमेंट करते रहेंगे… तुम्हारे ऊपर कोई कार्रवाई होगी तो हम हैं।’ पुलिस अब उस व्यक्ति की पहचान और उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है।














































