चंदौली: डीडीयू मंडल के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार अलसुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब प्लेटफार्म पर खड़ी एक पैसेंजर ट्रेन की बोगी में अचानक आग लग गई। घटना सुबह करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि जिस समय आग लगी, उस वक्त ट्रेन पूरी तरह खाली थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, 53212 डाउन सासाराम–पटना पैसेंजर ट्रेन प्लेटफार्म पर खड़ी थी। यह ट्रेन सुबह 6:45 बजे सासाराम स्टेशन से पटना के लिए रवाना होने वाली थी। इसी दौरान ट्रेन की एक बोगी से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। आग लगते ही स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया और यात्रियों व रेलकर्मियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
Also Read: ‘प्यार, शादी का सपना और फिर सेक्स…’, यूपी का ये मामला आपको चौंका देगा!
घटना की सूचना मिलते ही रेलकर्मी, आरपीएफ जवान और सुरक्षा बल मौके पर पहुंच गए। तत्काल अग्निशमन यंत्रों का इस्तेमाल शुरू किया गया और फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। अधिकारियों की तत्परता के कारण आग को अन्य बोगियों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
इस संबंध में आरपीएफ सासाराम पोस्ट प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया और क्षतिग्रस्त बोगी को ट्रेन से अलग कर दिया गया। इसके बाद ट्रेन को सुबह 8 बजकर 4 मिनट पर रवाना कर दिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।










































