UP: 29 पीपीएस अधिकारी बनेंगे IPS, UPSC भेजे गए नाम, 1998 से 2000 बैच के अफसरों पर फोकस

UP: उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में जल्द बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिल सकता है। प्रदेश के 29 पीपीएस अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में पदोन्नति देने की प्रक्रिया अब तेज हो गई है। राज्य सरकार ने आईपीएस कैडर में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने के लिए प्रस्ताव तैयार कर संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) को भेज दिया है। माना जा रहा है कि जुलाई तक इस प्रक्रिया पर अंतिम फैसला हो सकता है।

रिक्त पदों को भरने के लिए भेजे गए तीन गुना नाम

नियमों के अनुसार जितने पद खाली होते हैं, उनके मुकाबले तीन गुना अधिक अधिकारियों के नाम विचार के लिए भेजे जाते हैं। इसी प्रक्रिया के तहत शासन और डीजीपी मुख्यालय की ओर से बड़ी संख्या में पीपीएस अधिकारियों के नाम यूपीएससी को भेजे गए हैं। अब आयोग इन अधिकारियों की पात्रता और सेवा विवरण की गहन समीक्षा करेगा।

Also Read: लंबे इंतजार के बाद यूपी को मिलेगा स्थायी DGP, आज UPSC में फैसला संभव

1998 से 2000 बैच के अफसरों पर फोकस

प्रमोशन सूची में मुख्य रूप से वर्ष 1998, 1999 और 2000 बैच के पीपीएस अधिकारियों को शामिल किया गया है। हालांकि तय संख्या पूरी करने के लिए 2001 बैच के कुछ अधिकारियों के नाम भी प्रस्तावित किए गए हैं। अंतिम चयन विभागीय प्रोन्नति समिति (DPC) की बैठक के बाद किया जाएगा।

सेवा रिकॉर्ड और जांच रिपोर्ट होगी अहम

यूपीएससी द्वारा सभी अधिकारियों की वार्षिक गोपनीय प्रविष्टियों (ACR), सेवा रिकॉर्ड और लंबित विभागीय जांचों की जांच की जाएगी। जिन अधिकारियों का रिकॉर्ड बेहतर पाया जाएगा, उन्हें आईपीएस कैडर में प्रोन्नत करने की मंजूरी दी जाएगी। इसके बाद केंद्र सरकार की औपचारिक स्वीकृति के साथ नियुक्तियां जारी होंगी।

Also Read: DGP राजीव कृष्णा का बड़ा एक्शन : यूपी के 5 थाना प्रभारी लाइन हाजिर, 2 डिप्टी एसपी के खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश

कई वरिष्ठ पीपीएस अधिकारियों के नाम शामिल

प्रमोशन के लिए जिन अधिकारियों के नामों पर विचार किया जा रहा है, उनमें शोएब इकबाल, सत्यपाल सिंह, राहुल मिठास, आलोक कुमार शर्मा, दीपिका अग्निहोत्री, जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, शशि शेखर सिंह, कुलदीप सिंह, रफीक अहमद, प्रीति बाला गुप्ता, विकास चंद्र त्रिपाठी, मार्तण्ड प्रताप सिंह, अभय नाथ त्रिपाठी और शुभ्रा भास्कर समेत कई वरिष्ठ पीपीएस अधिकारी शामिल हैं। विभाग में इस संभावित प्रमोशन सूची को लेकर काफी चर्चा बनी हुई है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)