UP: बरेली मंडी में खूनी बवाल! छोटे भाई को बचाने पहुंचे युवक पर कैंची से हमला, मुकदमा दर्ज

बरेली: जनपद के थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सब्जी मंडी में छोटे भाई को दबंगों से बचाने पहुंचे युवक पर कैंची से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में दो भाई घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मोहल्ला अंसारी वार्ड नंबर-7 निवासी शाकिर पुत्र जाकिर ने थाना फतेहगंज पश्चिमी में दी तहरीर में बताया कि मंडी में सब्जी खरीदने गया था। इसी दौरान उसने देखा कि फैज पुत्र रब्बानी, शमीम पुत्र रब्बानी, रब्बानी तथा हसनैन पुत्र रईस उसके छोटे भाई अमान के साथ मारपीट कर रहे थे।

Also Read: UP: मथुरा में 84 कोस परिक्रमा मार्ग पर भंडारे को लेकर खूनी संघर्ष, जमकर चलीं गोलियां, कई घायल

शाकिर ने जब बीच-बचाव कर अपने भाई को बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उस पर भी हमला बोल दिया। आरोप है कि दबंगों ने कैंचियों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे अमान के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि शाकिर के हाथ और उंगली में चोटें आईं। घटना के दौरान मंडी में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।

पीड़ित का आरोप है कि आरोपी जाते समय जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के अगले दिन पीड़ित ने पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)