UP: नाबालिग छात्र को प्रेम जाल में फंसाकर गुजरात ले गई युवती गिरफ्तार, मुगलसराय पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

UP: पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर मुगलसराय पुलिस ने नाबालिग छात्र को प्रेम जाल में फंसाकर गुजरात ले जाने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्ता के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, थाना मुगलसराय क्षेत्र निवासी 17 वर्षीय छात्र आदर्श महाराज बीते 8 मई 2026 की सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश की, रिश्तेदारों और दोस्तों से संपर्क किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। छात्र का मोबाइल फोन भी लगातार बंद आ रहा था। इसके बाद परिजनों की तहरीर पर थाना मुगलसराय में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

Also Read: ‘गुंडे व माफियाओं की दुर्गति तय…’, मऊ मे भड़के सीएम योगी

विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि अलीनगर क्षेत्र की रहने वाली युवती गुंजा ने नाबालिग छात्र को अपने प्रेम जाल में फंसाकर बहला-फुसलाया और उसे गुजरात के कच्छ जनपद लेकर चली गई। वहां किराये का कमरा लेकर वह छात्र को अपने साथ रख रही थी तथा किसी से संपर्क नहीं करने दे रही थी।बताया गया कि छात्र ने मौका पाकर पड़ोसी के मोबाइल फोन से अपने पिता को कॉल कर लोकेशन की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन गुजरात पहुंचे और छात्र को सकुशल वापस लेकर आए।

मामले में पुलिस ने धारा 87 बीएनएस तथा 3/4 पॉक्सो एक्ट की बढ़ोत्तरी करते हुए कार्रवाई तेज की। इसके बाद थाना मुगलसराय पुलिस टीम ने अभियुक्ता गुंजा पुत्री राजनाथ, निवासी नई बस्ती थाना अलीनगर जनपद चन्दौली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में अभियुक्ता ने छात्र को बहला-फुसलाकर गुजरात ले जाने और साथ रखने की बात स्वीकार की है। फिलहाल पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए अभियुक्ता को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)